नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया फेसबुक से शुरू हुआ सात साल पुराना प्रेम संबंध अब पुलिस केस में बदल गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि जमुई जिले के एक युवक ने फेसबुक के माध्यम से अमीरी का रौब दिखा युवती से दोस्ती की, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गया। उसने शादी करने का भरोसा दिया।
युवती के अनुसार शादी की तैयारी के नाम पर युवक ने उसकी मां के खाते में करीब दो लाख रुपये भेजे। युवती पक्ष का कहना है कि उक्त राशि से आभूषण तैयार करवाकर युवक के करीबी के माध्यम से भिजवा दिया गया था। मामले में नया मोड़ तब आया जब युवती के परिजनों ने युवक के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। युवती के मामा ने पड़ताल की, तो युवक के बेरोजगार होने तथा बैंक लोन में डूबे होने की बात सामने आयी। इसके बाद युवती ने युवक से शादी से इन्कार कर दिया।
युवती की तस्वीर भेज तोड़वा दी शादी:- पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद युवक ने निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती का रिश्ता झारखंड में तय होने पर कथित तौर पर युवक ने होने वाले ससुराल पक्ष को आपत्तिजनक तस्वीरें भेज दीं, जिससे शादी टूट गयी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने प्राथमिकी दर्ज कर इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, बैंक ट्रांजेक्शन और सोशल मीडिया चैट की जांच शुरू कर दी है।
भईया जी की रिपोर्ट