नवादा : लगभग एक दशक से भीषण जाम की समस्या झेल रहे हिसुआ वासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी रवि प्रकाश की विशेष पहल पर हिसुआ-गया रोड में तिलैया नदी पुल के समीप नया वाहन स्टैंड लगभग बनकर तैयार है।प्रशासन ने निर्माण कार्य को 30 अप्रैल तक हर हाल में पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद विश्वशांति चौक के मुहाने पर लगने वाले सभी स्टैंड वहां से हटा दिये जायेंगे। जेइ अविनाश आनंद ने बताया कि नगर पर्षद द्वारा इस स्टैंड को हाई-टेक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। लगभग 13-13 लाख की लागत से दो यात्री शेड, 14 लाख से पेवर्स ब्लॉक और 14 लाख की लागत से नदी किनारे बैरिकेडिंग का काम किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए दो शौचालय, प्याऊ, पुल निर्माण और रात में रोशनी के लिए तीन हाइमास्ट लाइटें लगायी जा रही हैं।
क्यों जरूरी था यह बदलाव
वर्तमान में विश्वशांति चौक पर गया, नवादा, राजगीर और नरहट मार्ग के आधा दर्जन से अधिक स्टैंड संचालित हैं। सड़कों पर ही वाहन खड़े होने से हर घंटे जाम की स्थिति बनी रहती है। सबसे खराब स्थिति नवादा रोड और नरहट रोड की है, जहां पैदल चलना दूभर हो जाता है।इस समस्या को देखते हुए जुलाई 2025 में डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान ने उच्चस्तरीय बैठक कर स्टैंड को आबादी से दूर शिफ्ट करने का निर्णय लिया था।
यातायात के नये नियम होंगे लागू
नया स्टैंड शुरू होने के बाद गया की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों का सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मुख्य मार्ग (नवादा रोड) में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, नवादा की ओर से आने वाले भारी वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
कहते हैं अधिकारी
हिसुआ के ईओ नगर पार्षद आतिश रंजन का कहना है कि नया वाहन स्टैंड लगभग तैयार है। संवेदकों को 30 अप्रैल तक का समय दिया गया है। डीएम के निर्देशानुसार विश्वशांति चौक से स्टैंड को जल्द हटा लिया जायेगा, ताकि शहर को जाम मुक्त बनाया जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट