नवादा : जिले में अपराध को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एसपी अभिनव धीमान खुद रात में सड़कों पर उतरे। उन्होंने वाहनों की जांच की और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया। एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर रात 11 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन बाइक जब्त की गईं। पुलिस ने अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ छापेमारी की और कई फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया।
एसपी के एक्शन से हड़कंप
एसपी के आदेश पर सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस बलों ने अलग-अलग चौराहों पर वाहनों की जांच की। इस अभियान से उन वाहन चालकों में हड़कंप मच गया जिनके पास कागजात नहीं थे या जो नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। पुलिस ने कई वाहनों की गहन जांच की और जुर्माना भी वसूला। सड़क से गुजर रहे ज्यादातर दोपहिया वाहनों की डिक्की और जरूरी कागजात की जांच की गई। पुलिस क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था का पालन कराने के लिए घूमती हुई दिखाई दी।
ट्रैफिक नियमों का करें पालन
पुलिस बलों की मदद से वाहन जांच अभियान चलाया गया। एसपी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस बलों ने वाहनों के जरूरी कागजात, हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग, नंबर प्लेट आदि की जांच की। जांच के दौरान दोषी पाए जाने वाले कई वाहनों का चालान किया गया। नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आजकल सबसे ज्यादा मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हो रही हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हैं और हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट