मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया चतुर्भुत स्थान में यूपी की एक डांसर की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान यूपी की रहने वाली 22 वर्षीया डांसर मुस्कान के रूप में हुई है। पुलिस को मुस्कान का शव एक कमरे में फंदे से झूलते हुए मिला। उस कमरे में कुछ उंगलियों के निशान भी मिले हैं। फॉरेंकिस टीम मौके से सबूत इकट्ठा करने में जुटी है।
बताया जाता है कि सबसे पहले स्थानीय लोगों ने नर्तकी का शव फंदे से झूलता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कुछ ही देर में वहां नगर थाना पुलिस भी पहुंच गई। डीएसपी टाउन के नेतृत्व में पुलिस और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लखनऊ की रहने वाली थी मुस्कान
घटना मुजफ्फरपुर टाउन थाना के शुक्ला रोड स्थित रेड लाइट एरिया के एक मकान में हुई। पुलिस के मुताबिक मुस्कान उर्फ सारिका पाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी। वह पिछले करीब पांच वर्षों से मुजफ्फरपुर के इसी इलाके में किराए के मकान में रहकर नाच-गाने का काम कर रही थी। उसका एक बेटा है जो लखनऊ में अपने ननिहाल में रहता है। टाउन डीएसपी ने बताया कि मंगलवार को नर्तकी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की गई। एफएसएल की टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह मामला केवल आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह भी है। जहां तक मुस्कान के कमरे से मिले अंगुलियों के निशान की बात है, इसकी जांच की जा रही है कि ये निशान किसी बाहरी व्यक्ति के तो नहीं। मुस्कान पिछले तीन महीने से रुखसाना नाम की एक महिला के तीन मंजिले मकान में अकेले रह रही थी। उसकी मौत होने की बात तब सामने आई जब पहले मंजिल पर रहने वाला एक किराएदार उपर छत की तरफ गया। उपर जाने के क्रम में उसने खिड़की से मुस्कान को अपने कमरे में फंदे से झूलता हुआ देखा और शोर मचाया।