मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। हादसे में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 10 से अधिक मरीजों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है और अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। आग बुझाने के बाद टीम अस्पताल के अंदर फंसे मरीजों और शवों को बाहर निकालने में जुटी है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार आग शार्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
मुजफ्फरपुर पुलिस ने बताया कि बीती देर रात शहर के ब्रह्मपुरा इलाके स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने अस्पताल के आईसीयू को अपनी चपेट में ले लिया जिससे वहां भर्ती करीब 10 मरीजों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य मरीज गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आईसीयू से धुआं और आग की लपटें उठते ही पूरे अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए मरीजों और उनके परिजनों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने खिड़कियां तोड़कर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
मृतकों की पहचान में जुटा प्रशासन
हादसे के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। आग में झुलसे सभी मरीजों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रशासन मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटा हुआ है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की टीमें आईसीयू समेत अन्य प्रभावित हिस्सों में हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं। साथ ही, आग लगने के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है।