मुंगेर में गंगा स्नान के दौरान हुए एक बड़े हादसे में 5 बच्चियों के डूब जाने की खबर है। घटना आज बुधवार को दिन में वासुदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामपुर गंगा घाट पर हुई जब यहां स्नान करने गई पांच बच्चियां अचानक डूब गईं। वाकये की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार अब तक 3 बच्चियों के शव बरामद किये गए हैं, जबकि लापता 2 अन्य की तलाश की जा रही है।
बताया जाता है कि आज वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के बकचपरा गंगा घाट पर सुबह गंगा स्नान करने और गंगाजल भरकर घर ले जाने के लिए चार सगी बहनें और एक अन्य लड़की गंगा के पानी में उतरी। लेकिन शीघ्र ही सभी पांचों लड़कियां नदी की तेज धारा में चली गईं और लापता हो गईं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गंगा घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।उसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने वहां रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जिसके बाद तीन बच्चियों के शव बरामद किये गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले क्रांति पासवान की चार बेटियां और रामअवतार पासवान की एक बेटी गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं। इसके बाद घाट पर मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और गंगा में लापता बच्चियों की तलाश जारी है। बरामद 3 शवों में से एक की पहचान संगाती कुमारी के रूप में की गई है। अन्य शवों की पहचान की जा रही है। घाट पर परिजनों समेत गांव भर के लोग जुटे हुए हैं।