बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज है। महागठबंधन में अपने लिए 60 सीट और डिप्टी सीएम की डिमांड पूरी नहीं होते देख नाराज वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी अब एनडीए का दामन थाम सकते हैं। प्रदेश भाजपा अध्यख दिलीप जायसवाल ने एनडीए की तरफ से मुकेश साहनी को संकेत दिए हैं कि उनके लिए दरवाजे खुले हुए हैं। बीजेपी ने इशारों में कहा है, अगर उधर बात नहीं बनी, तो इधर स्वागत है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मुकेश साहनी का नाम तो नहीं लिया लेकिन उन्होंने साफ कहा कि महागठबंधन का एक मजबूत पार्टनर हमारे एनडीए के साथ गठबंधन करना चाहता है। वो रात में लुका-छुपी खेल रहे हैं।
तेजस्वी से 60 सीटें और डिप्टी सीएम पद की चाह
सूत्रों के अनुसार मुकेश साहनी महागठबंधन में विधानसभा सीटों की हिस्सेदारी को लेकर तेजस्वी और कांग्रेस से असहमत नजर आ रहे हैं। मुकेश साहनी महागठबंधन की सीट शेयरिंग में अपनी पार्टी के लिए कम से कम 60 सीटें चाह रहे हैं। इसके अलावा वे खुद को डिप्टी सीएम बनाने की भी डिमांड कर रहे हैं। लेकिन इसपर महागठबंधन उनको भाव नहीं दे रहा। इसी सबके बीच अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब खुलकर उन्हें एनडीए में लौटने का इशारा दे दिया है। इस बात को तब और ज्यादा बल मिला जब बीते दिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और मुकेश साहनी की मुलाकात हुई।
बीजेपी अध्यक्ष जायसवाल से की मुलाकात
इसी मुलाकात के बाद बीजेपी के तरफ से एक बयान में कहा गया कि अगर महागठबंधन में सहनी की स्थिति मजबूत नहीं होती है, तो वे एनडीए में लौट सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने आज बुधवार को कहा कि हमारे गठबंधन में पांच (बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी रामविलास, हम और आरएलएम) पांडव हैं। एक हैं उनके (महागठबंधन) साथ जो अब हमारे एनडीए गठबंधन में प्रयास कर रहे हैंं। रात में लुका-छुपी खेल रहे हैं। वो महागठबंधन के मजबूत पार्टनर हैं। अगर उन्होंने सम्मानजनक तरीके से बात की तभी हम लोग विचार करेंगे। इस सवाल पर कि क्या मुकेश सहनी की ओर इशारा कर रहे हैं? इस पर उन्होंने कहा मैं किसी के बारे में कुछ नहीं बोल सकता हूं।