मोतिहारी में जहरीली शराब से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य गंभीर स्थिति में हैं। इसबीच मोतिहारी एसपी द्वारा गठित SIT ने पीपराकोठी में करीब 700 लीटर स्प्रिट बरामद की। जांच में पूरी की पूरी 700 लीटर स्प्रिट जहरीली पाई गई। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पिपरा कोठी से बरामद 700 लीटर स्प्रिट की केमिकल एग्जामिनेशन में मेथनॉल पाई गई है। जब्त स्प्रिट की इसी खेप का कुछ हिस्सा तुरकौलिया के परसौना व बालगंगा में शराब तस्करों को भेजा गया था। इसके साथ ही SIT ने जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का भी दावा किया। जांच में पता चला कि पीपराकोठी के स्प्रिट माफिया कन्हैया और राजा ने स्प्रिट मंगवाई। इसे परसौना निवासी खलीफा और सुनील शाह को बेचा गया, जिन्होंने आगे नागा राय और जम्मू बैठा को सप्लाई किया। इसके बाद नागा राय ने परसौना क्षेत्र और जम्मू बैठा ने बालगंगा इलाके में यह जहरीला पदार्थ बांटा, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
700 लीटर जहरीली स्प्रिट पकड़ी
इधर मोतिहारी शराब कांड में एसपी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी और परसौना के चौकीदार भरत रॉय को निलंबित कर इसममें कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस ने स्प्रिट की एक बड़ी खेप जब्त की है। 700 लीटर जब्त स्प्रिट में शुद्ध मेथनॉल पाया गया, जो जहरीला था। इसी खेप का कुछ हिस्सा परसौना और बालगंगा में सप्लाई हुआ था। SIT की टीम ने समय रहते कार्रवाई की, वरना अब तक हजारों लोगों की जान जा सकती थी। एसपी ने बताया कि अगर इस स्प्रिट से बनी यह शराब बाजार में पहुंच जाती, तो हजारों लोगों की मौत हो सकती थी। इस सिलसिले में शराब तस्कर राजा कुमार को गिरफ्तार किया है जिसने अपने घर के सामने खेत के नाले में 27 जरकीन जहरीली स्प्रिट छुपाकर रखा था। प्रत्येक जरकिन में 26—26 लीटर स्प्रिट भरी थी। जांच में पता चला कि स्प्रिट में शुद्ध मेथनॉल मौजूद था, जिससे लगभग 3,000 लीटर शराब बनाने और सप्लाई करने की तैयारी थी।
ताबड़तोड़ छापेमारी, 8 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, जब्त स्प्रिट की इसी खेप का कुछ हिस्सा तुरकौलिया के परसौना और बालगंगा में शराब तस्करों को भेजा गया था। इस जहरीली शराब के सेवन से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इसके अलावा, सात लोगों की आंखों की रोशनी पूरी तरह चली गई है। प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बताया गया है कि पीपराकोठी के शराब माफिया कन्हैया और राजा ने स्प्रिट मंगवाया था और इसे परसौना के खलीफा तथा सुनील शाह को बेचा था। खलीफा और सुनील शाह ने इसे नागा राय और जम्मू बैठा को सप्लाई किया। नागा राय ने परसौना क्षेत्र में और जम्मू बैठा ने बालगंगा क्षेत्र में शराब का वितरण किया। पुलिस ने इस मामले में राजा, जम्मू बैठा और नागा राय को गिरफ्तार कर लिया है। इधर घटना के बाद चंपारण रेंज के डीआईजी हरिकिशोर राय ने मोतिहारी डीएम और एसपी के साथ तुरकौलिया थाना में बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने 5 मौतों की पुष्टि करते हुए पूरे जिले में सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।