मोतिहारी में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक मोहम्मद शमशाद की पीट-पीटकर हत्या कर दिये जाने की खबर है। हत्या की इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। वहीं मृतक के परिजनों ने बंजरिया के पूर्व प्रखंड प्रमुख मोहम्मद चमन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज वारदात की जांच शुरू कर दी है। बताया जाता हे कि सरकारी शिक्षक मोहम्मद शमशाद बंजरिया प्रखंड स्थित मिडील स्कूल में बतौर शिक्षक कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि शिक्षक शमशाद प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में चल रही योजनाओं में अनियमितता की जानकारी जुटाकर सरकारी विभागों को जांच करने के लिए आवेदन भेज दिया करता था। इससे पूर्व प्रखंड प्रमुख मोहम्मद चमन उससे काफी नाराज रहता था। आशंका है कि उसी ने शिक्षक की हत्या करवा दी।

परिजनों ने यह भी बताया कि सरकारी योजनाओं के बारे में सक्रिय रहने के कारण शिक्षक शमशाद का पूर्व प्रखंड प्रमुख के अलावा कुछ अन्य लोगों से भी विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक पंचायत में मिट्टी कटाई को लेकर भी शमशाद और कुछ लोगों के बीच पहले विवाद और मारपीट हुई थी। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों ने पूर्व बंजरिया प्रखंड प्रमुख मोहम्मद चमन पर शमशाद की पिटाई कर हत्या करने को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। इधर खबर है कि ग्रामीण और परिजन शिक्षक मोहम्मद शमशाद का शव लेकर मोतिहारी अस्पताल चौक पहुंच गए और वहां उन्होंने सड़क पर शव रख प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहां परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत के बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए सहमति दी। पुलिस ने बताया कि शिक्षक की गुमशुदगी की शिकायत मिली थी जिसके बाद उसका शव बरामद किया गया है। इस घटना में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही पुलिस हत्या के कारणों, घटना में शामिल लोगों और पूर्व विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।

