पूर्वी चंपारण के ढाका प्रखंड के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में बीती देर रात एक दो मंजिला घर के नीचे स्थित दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में 2 व्यक्ति घायल बताए जाते हैं जिनकी हालत अस्पताल में गंभीर बनी हुई है। घटना बीती आधी रात के करीब ढाका के कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में तब घटी जब ग्रामीण राजकुमार साह के घर के निचले तल्ले में स्थित होलसेल जनरल स्टोर एवं स्पेयर पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई और मकान धू-धू कर जलने लगा।
मृतकों की पहचान दुकान मालिक राजकुमार साह के पुत्र और पुत्री तथा दुकान के एक स्टाफ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। इस अगलगी की घटना में दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें ढाका अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार आधी रात में अचानक आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बुझने के बजाय तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, साथ ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुबह आठ बजे तक फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। भीषण अग्निकांड में दुकान की कीमती वस्तुएं एवं अन्य किराना सामान भी जलकर राख हो गए हैं। आग कैसे लगी, इस संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बताया जाता है कि 50 लाख से ज्यादा की संपत्ति राख हो गई है। सिकरहना डीएसपी ने बताया कि दो मंजिला मकान में आग लगी थी, जिसे बुझा दिया गया है। इस अगलगी की घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हुई है।