राजधानी पटना से सटे दानापुर में एक हैरान करने वाली वारदात में एक किशोर ने ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान हुए विवाद में अपने दोस्त को ही गोली मार दी। घटना दानापुर थानांतर्गत मैनपुरा इलाके की है। गोली मारने के बाद आरोपी किशोर मौके से फरार हो गया। आरोपी नाबालिग का नाम किशोर बताया जाता है जिसने ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान विवाद बढ़ने पर अपने दोस्त दुर्गेश को गोली मार दी। गोली दुर्गेश के पेट में लगी है और उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जाती है। घटना के बाद से आरोपी नाबालिग किशोर फरार हो गया। घटना के दौरान गोली की आवाज सुनकर लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार हमलावर और जख्मी दुर्गेश, दोनों नाबालिग हैं। पुलिस ने बताया कि मैनपुरा के रहने वाले विजय राय का बेटा दुर्गेश और उसका नाबालिग दोस्त ऑनलाइन लूडो खेल रहे थे। लूडो खेलने के दौरान दोनों के बीच अचानक किसी बात पर विवाद शुरू हो गया और दोनों आपस में ही लड़ने लगे। इसी बीच आरोपी ने पिस्तौल निकाली और गोली चला दी जो दुर्गेश के पेट में जा लगी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़ते हुए वहां पहुंचे और जख्मी दुर्गेश को पीएमसीएच ले गए। इसबीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। कहा गया कि घायल दुर्गेश ने पुलिस और लोगों को विवाद शुरू होने की सारी बात बताई है जिस आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
हालांकि दोनों के बीच किस बात पर झगड़ा हुआ, इसका पता अभी नहीं चला है। वहीं घायल दुर्गेश ने पुलिस को दिए बयान में कई बातें बताई हैं। पटना पुलिस ने दुर्गेश के बयान के आधार पर ही केस दर्ज किया है और आरोपी लड़के की तलाश कर रही है, जो गोली मारने के बाद फरार हो गया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल कर रही है, ताकि कोई सुराग मिले।