मधुबनी के बलिराजगढ़ में भीड़ पर गोलियां बरसाकर 2 लोगों की हत्या करने वाले एएसआई की बोरी में बंद लाश मिली है। उसका शव एक धान के खेत में बोरे में बंद मिला है। माना जा रहा है कि इसकी हत्या कर दी गई है। लाश के पास से उसका सर्विस पिस्टल और आधार कार्ड बरामद किया गया है। एक बैग में उसके सामानों के साथ कुछ कारतूस भी मिले हैं। आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह पर एक महिला के साथ रेप की कोशिश करने और दो लोगों की हत्या का आरोप था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और अब 12 दिन बाद उसी गांव में उसका शव मिला है। 2 नवंबर को आरोपी बलिराजगढ़ में एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था। जिसके बाद लोगों ने उसे घेर लिया था तो दनादन फायरिंग करके उसने चार लोगों को गोली मार दी जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।
फरार एएसआई की गिरफ्तारी के लिए 12 टीम छापेमारी कर रही थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए 2 लाख का इनाम घोषित किया गया था। महिला के साथ पकड़े जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे उसी कमरे में घेरकर बंद कर दिया था। ग्रामीणों से घिरने के बाद ASI चंद्रमोहन सिंह ने खिड़की तोड़कर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से चार राउंड फायरिंग की और फरार हो गया। उसकी फायरिंग में 4 लोगों को गोली लगी जिसमें 2 की मौत हो गई। ASI की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गईं और बिहार के अलावा दूसरे राज्यों में भी छापेमारी की जा रही थी।पड़ोसी देश नेपाल में भी पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी थी। उस पर 2 लाख का इनाम भी घोषित किया गया। परंतु पुलिस उसे गिरफ्तार कर पाती, उससे पहले ही उसी गांव में उसका शव बरामद हो गया।
स्थानीय लोगों ने बलिराजगढ़ स्थित एक धान के खेत में बोरे में बंद एक शव पड़ा होने की सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव काफी पुराना होने के कारण उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। जांच के दौरान उसकी पहचान फरार ASI चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई। शव के पास उसकी सर्विस पिस्टल और आधार कार्ड भी बरामद किया गया। मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें लगाई गई थीं। शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। FSL की टीम को भी बुलाया गया जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए। SSP ने पुष्टि की कि बरामद शव ASI चंद्रमोहन सिंह का ही है।उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों की टीम करेगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ASI की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
