पटना : स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित परीक्षा की पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाहरणालय सभाकक्ष में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को संबोधित करते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा कदाचारमुक्त, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
17 से 25 फरवरी तक परीक्षा
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। पटना जिले में यह परीक्षा कुल 70 केंद्रों पर आयोजित होगी।
पटना सदर – 31 केंद्र
पटना सिटी – 12 केंद्र
दानापुर – 9 केंद्र
बाढ़ – 8 केंद्र
मसौढ़ी – 6 केंद्र
पालीगंज – 4 केंद्र
जिले में कुल 79,478 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 37,131 छात्र, 42,345 छात्राएं एवं 2 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
कदाचार पर सख्ती
डीएम ने बताया कि परीक्षा पर बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 लागू है। कदाचार में लिप्त परीक्षार्थी, अभिभावक, कर्मी या अन्य व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सामूहिक नकल की स्थिति में केंद्राधीक्षक एवं वीक्षक जिम्मेदार माने जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में 200 मीटर तथा शहरी क्षेत्रों में 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी
एनआईसी के माध्यम से वीक्षकों का रैंडमाइजेशन
प्रत्येक केंद्र पर 25 वीक्षक
पटना सदर में 33 स्टैटिक, 26 गश्ती एवं 18 जोनल दंडाधिकारी
पुलिस बल एवं उड़नदस्ता दल की तैनात
जिला एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष सक्रिय
परीक्षार्थियों के लिए निर्देश
जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित, चप्पल पहनकर आएं
दो स्तर पर फ्रिस्किंग
मोबाइल, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूर्णतः प्रतिबंधित, परीक्षा केंद्र के आसपास फोटोस्टेट दुकानें बंद रहेंगी, महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा की जाएगी तथा सभी केंद्रों पर अस्थायी फ्रिस्किंग कक्ष बनाए गए हैं। डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा कि पूर्व में भी पटना जिला को उत्कृष्ट परीक्षा संचालन के लिए पुरस्कृत किया जा चुका है और इस बार भी प्रशासन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ परीक्षा संपन्न कराएगा।