बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच मैट्रिक की परीक्षा ली जा रही है। देर से सेंटर पहुंचने वाले छात्र—छात्राओं को किसी भी हाल में परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं दी जा रही। बिहार बोर्ड के इसी सख्त नियम से आहत एक छात्रा द्वारा परीक्षा देने से वंचित किये जाने के बाद खुदकुशी कर लेने की खबर है। बताया जाता है पटना के मसौढ़ी में एक एग्जाम सेंटर पर देर से पहुंचने पर छात्रा को एंट्री नहीं दी गई। इससे आहत छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। यह घटना बीती शाम की है। मंगलवार से ही बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा शुरू हुई है। पहले दिन छात्रा कोमल कुमारी भी परीक्षा देने के लिए घर से निकली। लेकिन वह कुछ मिनट की देरी से एग्जाम सेंटर पर पहुंची जिससे उसे परीक्षा हॉल में नहीं जाने दिया गया। परिजनों ने बताया कि सड़क जाम के कारण कोमल बरनी स्थित मैट्रिक परीक्षा केंद्र पर कुछ बिलंब से पहुंची थी।
पटना-गया रेलखंड पर ट्रेन के आगे कूदी
मसौढ़ी थाना क्षेत्र के खरजंबा गांव निवासी मंटू यादव की पुत्री कोमल परीक्षा में प्रवेश नहीं मिलने के बाद वह घर लौटकर खूब रो रही थी। परिजनों ने उसे समझाया तथा वे अपने—अपने कार्य में व्यस्त हो गए। इसी बीच कोमल ने अपराह्न में कपड़े बदले और घर से चुपचाप बिना किसी को कुछ बताए निकल गई तथा महाराजचक के पास रेल पटरी पर एक ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। बताया गया कि मैट्रिक की परीक्षा देने के लिए एग्जाम सेंटर पर थोड़ी देर से पहुंची कोमल को गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने एग्जाम सेंटर पर प्रवेश करने से रोक दिया। उसने एग्जाम सेंटर पर खड़े सुरक्षाकर्मी से बहुत आग्रह किया, लेकिन वे नहीं माने। कोमल का पटना से सटे मसौढ़ी के बरनी स्थित परीक्षा केंद्र पर सेंटर पड़ा था। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि परीक्षा छूटने से वह काफी तनाव में थी। पीड़िता के मां के अनुसार उसने घर में कपड़े बदले और फिर बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप घर से निकल गई, जिसके बाद उसने महाराजचक के पास खुदकुशी कर ली।
सोशल मीडिया से हुई पहचान
पुलिस का कहना है कि मंगलवार दोपहर बाद पुलिस को पटना-गया रेलखंड स्थित महाराजचक गांव के पास रेलवे ट्रैक से एक अज्ञात लड़की का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच (PMCH) भिजवा दिया। इधर जब कोमल बहुत देर तक अपने घर नहीं लौटी तो परिजन परेशान होकर उसकी तलाश शुरू कर दी। अपनी बच्ची की वह तलाश कर रही थी, इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुई हो रही तस्वीर देखकर परिजनों के होश उड़ गए। वे तुरंत थाना पहुंचे और पुलिस पूरी घटना विस्तार से बताया। परिजनों ने रेलवे ट्रैक पर मिली अज्ञात लाश की पहचान अपनी बेटी पहचान कोमल के रूप में की।