नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध माता सुंदरी महिला महाविद्यालय में 18–19 फरवरी 2026 को वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘सारंग 2026’ का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। दो दिवसीय उत्सव में दिल्ली–एनसीआर के विभिन्न महाविद्यालयों से लगभग 700 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण सहभागिता दर्ज कराई, जिससे महाविद्यालय प्रांगण रचनात्मक अभिव्यक्ति, सांस्कृतिक सौहार्द एवं सहयोग की जीवंत ऊर्जा से आलोकित हो उठा। इस वर्ष उत्सव का केंद्रीय प्रतिपाद्य “Reflections: Roots and Rhythm (प्रतिबिंब: जड़ें और लय)” रहा, जिसने सांस्कृतिक विरासत के सम्मान और समकालीन सृजनशीलता के जीवंत संगम को सारगर्भित रूप में अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. हरप्रीत कौर ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने जीवन के विविध क्षेत्रों में गरिमा, आत्मविश्वास एवं सफलता के लिए नैतिक एवं मानवीय मूल्यों की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला। अवसर पर प्राध्यापकगण, महाविद्यालय परिवार के सदस्य, विद्यार्थी तथा विशिष्ट अतिथि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें प्रो. अमिता देव, सरदार जगदीप सिंह काहलो, सरदार पृथीपाल सिंह, सरदार कुलबीर सिंह, सरदार रवैल सिंह, सरदार रजिंदर सिंह, श्री राजीव गर्ग एवं डॉ. मनिंदर कौर विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।

दो दिवसीय उत्सव के अंतर्गत विविध विधाओं में प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों की सृजनात्मक, बौद्धिक एवं अभिव्यक्तिगत क्षमता को मंच प्रदान करना था। प्रमुख प्रतियोगिताओं में गुरु नानक पेपर रीडिंग, ‘सुर सरिता’ (शास्त्रीय एकल गायन), ‘आवाज़-ए-सारंग’, ‘थिरक’ (शास्त्रीय, लोक एवं पाश्चात्य नृत्य), संस्कृत श्लोक-वृत्ति तथा नुक्कड़ नाटक शामिल रहे। ‘एड-ओ-मेनिया’ तथा ‘रंग बरसे’ (मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताएँ) के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया, वहीं ‘कोड-ए-थॉन’ एवं ‘ब्रेन टीज़र’ जैसी प्रतियोगिताओं ने विश्लेषणात्मक एवं तार्किक क्षमता का परीक्षण किया। महाविद्यालय परिसर में स्थापित विविध खाद्य, कला एवं सहभागितापरक गतिविधियों से युक्त स्टॉलों ने उत्सव की उल्लासपूर्ण एवं बहुरंगी छटा में और वृद्धि की।
उत्सव का मुख्य आकर्षण समापन दिवस पर आयोजित सुप्रसिद्ध पंजाबी गायक हरभजन मान का लाइव प्रस्तुति-संगीत समारोह रहा। उनकी सशक्त मंचीय उपस्थिति, मधुर एवं प्रभावपूर्ण गायन तथा ऊर्जावान प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा उत्सव को स्मरणीय आयाम प्रदान किया।
वार्षिक उत्सव ‘सारंग 2026’ का सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. हरप्रीत कौर के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन, आयोजन समिति की संयोजक डॉ. शीलम भारती तथा समर्पित शिक्षकगण, छात्र परिषद, कर्मचारी वर्ग एवं विद्यार्थियों के सतत सहयोग और परिश्रम का परिणाम रहा। उत्सव को प्राप्त उत्साहवर्धक एवं व्यापक सकारात्मक प्रतिक्रिया ने आगामी वर्ष के लिए इससे भी अधिक व्यापक, प्रभावी एवं बहुआयामी आयोजन की राह प्रशस्त की है, जिससे ‘सारंग’ की सृजनात्मकता, उत्कृष्टता एवं मूल्यों पर आधारित समृद्ध विरासत को निरंतर आगे बढ़ाया जा स
केगा।