पटना के मसौढ़ी में किडनैपिंग केस की जांच के दौरान बीती देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ में पुलिस पर फायरिंग करने वाला कुख्यात अपराधी हैदर एनकाउंटर में ढेर हो गया। इस मुठभेड़ में मसौढ़ी थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए जबकि पुलिस ने अपहृत युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में अपराधी मोहम्मत हैदर को गोली लगी थी, जिसमें वो घायल हो गया था। उसे पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी छह अपराधियों की पहचान कर ली है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि यह घटना ऐप पर मोबाइल खरीद-बिक्री के बहाने युवक को अगवा कर लूटने की थी। कुछ युवक एक व्यक्ति को मणिचक गांव के पास ले गए और उसका मोबाइल व नकदी लूटने का प्रयास कर रहे थे। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से करीब 12 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी हैदर को गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अपहृत युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया। हालांकि अन्य अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल अपराधी को चार अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस मुठभेड़ में मसौढ़ी के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि एएसआई संजय कुमार के हाथ में गोली के छर्रे लगे। दोनों को इलाज के लिए पटना एम्स भेजा गया है। मुठभेड़ के बाद एक बदमाश मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि फायरिंग के दौरान बदमाश अपहृत युवक को छोड़कर फरार हो गए। युवक किसी तरह पुलिस गाड़ी तक पहुंचा और सुरक्षित बच गया। सूत्रों के अनुसार यह पूरा मामला ऑनलाइन मोबाइल खरीद-बिक्री से जुड़ा बताया जा रहा है। बदमाशों ने मोबाइल खरीदने के बहाने युवक को बुलाकर उसका अपहरण कर लिया था। बताया जाता है कि पुलिस टीम सादे लिबास में बदमाशों का पीछा कर रही थी, इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें ग्रामीण समझकर फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और छापेमारी जारी है।