बिहार के बहुचर्चित यूट्यूबर मनिष कश्यप को मनाने में आखिर भाजपा सफल रही। बिहार में पिछले दिनों खास मिशन पर दिल्ली से आये भाजपा नेता मनोज तिवारी उन्हें उन्हें मनाने में कामयाब रहे। मनोज तिवारी आये तो थे भोजपुरी एक्टर और सिंगर पवन सिंह को भी साधने का मिशन लेकर, लेकिन उन्हें कामयाबी सिर्फ मनिष कश्यप के मामले में ही मिली।
चंपारण और काराकाट में एनडीए की मुश्किल
भाजपा सूत्रों के अनुसार मनोज तिवारी मनिष कश्यप को अपने साथ लेकर भाजपा नेतृत्व से मिलवाने दिल्ली चले गए हैं जहां बजाप्ता पार्टी कार्यालय में आज या कल मनिष कश्यप पार्टी ज्वाइन कर लेंगे। मनिष कश्यप फिलहाल चंपारण सीट पर भाजपा प्रत्याशी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के लिए भारी मुसीबत बने हुए हैं। वे चंपारण सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं और डॉ जायसवाल के लिए बड़ा सिरदर्द बने हुए हैं।
मनोज तिवारी को भेजा खास मिशन पर
भाजपा ने चंपारण और काराकाट सीट पर बन रहे चुनावी माहौल के चलते ही मनोज तिवारी को खास मिशन पर बिहार भेजा। काराकाट में भी निर्दलीय पवन सिंह एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी किये हुए हैं। वहां पवन सिंह निर्दलीय खड़े होकर एनडीए का ही वोट काटने जा रहे। इसी को मद्देनजर रखकर भाजपा ने दोनों को साधने का मिशन चलाया जिसमें चंपारण सीट पर तो कामयाबी मिलती दिख रही लेकिन काराकाट में अभी भी एनडीए का खेल मुश्किल में फंसा हुआ है।