महाराष्ट्र के मालेगांव बम धमका मामले में विशेष NIA कोर्ट ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और कर्नल पुरोहित समेत सभी 7 आरोपियों को बरी कर दिया है। इस केस में 17 साल बाद आए फैसले में विशेष अदालत के जज लाहोटी ने आदेश सुनाते हुए दो टूक कहा कि आतंक का कोई धर्म नहीं होता। कोई धर्म आतंक की पैरवी नहीं करता। अदालत ने स्पष्ट कहा कि इस केस में फेक नैरेटिव’ बनाने का प्रयास किया गया। 2008 में हुए मालेगांव धमाके में 6 लोगों की मौत हुई थी। जज ने फैसला सुनाते हुए कहा कि कर्नल पुरोहित के घर RDX होने के सबूत नहीं मिले हैं। जांच एजेंसी ये बात साबित नहीं कर सकी कि जिस बाइक में बम रखा गया था वह बाइक प्रज्ञा ठाकुर की थी। प्रज्ञा की बाइक होने का कोई सबूत नहीं मिला है। वाहन प्रज्ञा के कब्जे में था इसका भी सबूत नहीं मिला है।
फैसले के ठीक बाद बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और यूपीए सरकार में तत्कालीन गृह मंत्री पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे के कथित बयानों का जिक्र कर कांग्रेस पर भगवा आतंकवाद को गढ़ने का आरोप लगाया। बीजेपी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि चिदंबरम ने डीजीपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भगवा आतंकवाद की बात कही थी। दूसरे गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने भी भगवा आतंकवाद की बात कही। यही नहीं राहुल गांधी ने भी अमेरिकी राजदूत से बातचीत में कहा था कि हिंदू आतंकवाद लश्कर ए तैयबा से खतरनाक है। मालेगांव ब्लास्ट केस तब की कांग्रेस सरकार द्वारा आरएसएस और हिंदू समुदाय को बदनाम करने की राजनीतिक साजिश थी। कांग्रेस सत्ता में थी और उसने हिंदू धार्मिक पहचान को आतंकवाद से जुड़ा बताने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ‘भगवा आतंकवाद’ शब्द गढ़ा। हमारे लिए भगवा पवित्र है। कांग्रेस ने इसे हिंसा और आतंकवाद से जोड़ने की कोशिश की।
उधर कोर्ट में दिये साध्वी प्रज्ञा का एक बयान काफी सुर्खियां बटोर रहा है। साध्वी ने कोर्ट में कहा, मुझे 13 दिन तक टॉर्चर किया गया। मैंने इतना अपमान सहन किया। आज एक साध्वी रो रही है कोर्ट में। मैं सन्यासी जीवन जी रही थी। लेकिन हमें आतंकवादी बना दिया गया। जिन लोगों ने कानून में रहते हुए हमारे साथ गलत किया उनके खिलाफ भी बोल नहीं सकती। 17 वर्षों से संघर्ष कर रही हूं। भगवा को कलंकित किया। आज आप के फैसले से खुश हुई। अपने मेरे दुख दर्द को समझा। ये केस मैने नहीं जीता, ये भगवा की जीत हुई है। हिंदुत्व की विजय हुई है। मेरा जीवन सार्थक हो गया। जिन लोगों ने हिंदू आतंकवाद कहा… भगवा आतंकवाद कहा… उनको दंड मिलेगा।