मिडिल ईस्ट (ईरान युद्ध) में मचे घमासान के बीच केंद्र सरकार ने देश में रसोई और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर दिया है। ईरान में छिड़े जंग का असर अब सीधे भारत के आम आदमी की रसोई तक पहुंच गया है। सरकार ने घरेलु गैस की कीमतें जहां 60 रुपए तक तो वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें 115 रुपए बढ़ा दी गईं हैं। बताया जाता है कि ईरान द्वारा दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को बंद किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की सप्लाई प्रभावित हुई। इससे भारतीय तेल कंपनियों को दाम बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा। तेल कंपनियों ने नई बढ़ी हुई दरें आज शनिवार 7 मार्च से लागू कर दी हैं। इस बढ़ोतरी के बाद देश के प्रमुख महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमतें 900 रुपये के पार पहुंच गई हैं। जबकि बिहार की राजधानी पटना में अब आम लोगों को घरेलु रसोई गैस सिलेंडर के लिए 1011 रुपए की कीमत चुकानी पड़ेगी।
जानें पटना और मुजफ्फरपुर का नया रेट
इसी के साथ कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर (19 किलोग्राम) के दामों में भी 115 रुपये की भारी भरकम बढ़ोतरी की गई है। इंडियन ऑयल की तरफ से जारी आकड़ों के मुताबिक, 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में पिछली बार बढ़ोतरी 11 महीने पहले 8 अप्रैल 2025 को की गई थी। तेल कंपनियों ने बताया कि ये फैसला ऐसे वक्त पर लिया गया है जब मध्य-पूर्व एशिया में युद्ध की वजह से पिछले एक हफ्ते के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दरअसल, भारत अपनी जरूरत की अधिकांश तरल प्राकृतिक गैस (LNG) कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे देशों से आयात करता है। यह गैस ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ के रास्ते भारत आती है। युद्ध के कारण ईरान ने इस रास्ते को ब्लॉक कर दिया है, जिससे 28 फरवरी से ही गैस की सप्लाई रुकी हुई है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा
जानकारी के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के बजट पर पड़ेगा। खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी चिंता बढ़ाने वाली है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए रसोई गैस के दाम बढ़ना घरेलू खर्च को और बढ़ा देगा। बिहार की बात करें तो यहां पटना में अब नई दरें लागू होने के बाद घरेलु रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1011 रुपए हो गई है, जबकि पटना में कमर्शियल सिलेंडर अब 2095 रुपए का हो गया है। वहीं मुजफ्फरपुर में पहले 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग 950 रुपये थी। 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब यह सिलेंडर यहां करीब 1010 रुपये में मिलेगा। वहीं मुजफ्फरपुर में कमर्शियल सिलेंडर जो पहले 2005 रुपये थी, वह बढ़कर अब करीब 2120 रुपये हो गई है।