राजधानी पटना के राजीव नगर में बीती शाम एक सिरफिरा प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर में घुस गया और अंदर प्रवेश करते ही उसने प्रेमिका के भाई को गोली मार दी। इसके बाद भागने के क्रम में घर की छत से गिरकर उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिरफिरा आशिक पहले तो प्रेमिका पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। इसी दौरान जब लड़की नहीं मानी तो वह गालियां बकते हुए छत की तरफ जाने लगा। प्रेमिका का भाई छत पर घूम रहा था। वहां उसकी लड़की के भाई से धक्का—मुक्की हुई जिस दौरान सिरफिरे आशिक ने लड़की के भाई को गोली मार दी।। इसके बाद जब वह वहां से भागने लगा, तभी अचानक वह छत से नीचे गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि प्रेमिका हाल ही में उस आशिक से बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह बिफरा हुआ था।
बताया जाता है कि इस वाकये में सिरफिरे आशिक की मौत हो गई है, जबकि लड़की के भाई को बांह में गोली लगी है। घटना राजीव नगर थानांतर्गत रोड नंबर आठ बी/2 की है। मृतक सिरफिरे आशिक की पहचान मोतिहारी के रहने वाले प्रियेश रंजन के रूप में हुई है। वहीं लड़की के घायल भाई का नाम अखिलेश उर्फ राजू बताया जा रहा है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है। यह भी पता चला है कि प्रेमी और उसकी कथित प्रेमिका के बीच काफी दिनों से प्रसंग चल रहा था। इधर हाल में लड़की की सरकारी नौकरी लग गई जिसके बाद उसने प्रेमी से बातचीत बंद कर संबंध तोड़ लिए थे।
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी की खुद छत से गिरने से मौत हुई, या फिर उसे छत से धक्का देकर फेंका गया है। फिलहाल यह मामला पूरी तरह से प्रेम प्रसंग का लग रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रियेश रंजन पैदल ही प्रेमिका के घर आया था। लोगों ने बताया कि गोली चलने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच किसी ने डायल 112 को वाकये की सूचना दे दी। पुलिस ने देखा कि घर के पास ही मृतक की डेड बॉडी पड़ी हुई थी। लड़की का परिवार मसौढ़ी का रहने वाला है और वे लोग पटना में किराये के घर में रहते हैं।