भागलपुर जिले के कहलगांव इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लव मैरिज करने वाले एक युवक और युवती ने परिवार के विरोध और कथित धमकियों से परेशान होकर जहर खा लिया। इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। मरने से पहले युवक ने अपनी मां को एक वीडियो भेजा, जिसमें उसने कहा कि परिवार वालों ने उनकी शादी स्वीकार नहीं की और लड़की के घर से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। वीडियो में उसने माता-पिता से माफी भी मांगी।
शादी के कुछ घंटों बाद उठाया कदम
यह घटना कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमारी पहाड़ मोहल्ले की है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दोनों ने जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। दोनों फोन पर लगातार बात करते थे और एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। शुक्रवार को युवक ने युवती को अपने कमरे में बुलाया। वहीं दोनों ने शादी कर ली। लेकिन जब लड़की के परिवार को इसकी जानकारी मिली तो कथित तौर पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। धमकियों से घबराकर दोनों ने जहर खाने का फैसला कर लिया।
युवक की मौत, युवती असपताल में
जहर खाने के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अमडंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी 20 वर्षीय लक्ष्मीकांत कुमार के रूप में हुई है। वह सुभाष कुमार सिंह का बेटा था। वहीं युवती की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के जबरा गांव निवासी 18 वर्षीय अमृता कुमारी के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, अमृता अपने नाना नित्यानंद सिंह के घर अदलपुर में रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान लक्ष्मीकांत से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आए और शादी करने का फैसला लिया।