मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में बाइक से एक शादी समारोह में जा रहे दंपती और उनके बच्चे को बेखौफ बदमाशों ने सरेआम गोली मार दी और उनके गहने लूटकर फरार हो गए। बाइक सवार अपराधियों ने करीब 2 किमी तक दंपति की बाइक का पीछा किया और फिर सुनसान जगह ओवरटेक कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सकरा थाना क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई तथा तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता है कि अपराधियों ने करीब 2 किमी तक उनका पीछा किया और रेपुरा चौर में सुनसान जगह पर ओवरटेक कर घेर लिया। इसके बाद महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गहने उतारने को कहा और जब इसका पति—पत्नी ने विरोध किया तो गोली चला दी।
रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे दंपती
घायल दंपती की पहचान वैशाली जिले के बालिगांव थाना क्षेत्र के दीघा फतेहपुर निवासी सोहन कुमार (30) और उनकी पत्नी श्वेता कुमारी के रूप में की गई है। बताया गया कि महिला श्वेता कुमारी के भाई की शादी थी और दंपती उसी समारोह में शामिल होने के लिए बरियारपुर थाना क्षेत्र के मड़वन गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह घटना हुई। गोली लगने से घायल सोहन कुमार ने बताया कि रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और चाभी निकाल ली। इसके बाद एक गोली उन्हें मार दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद बदमाशों ने उनके गले की सोने की चेन लूट ली। फिर उनकी पत्नी को भी गोली मार दी और उसके गले की चेन, कान का टॉप तथा अन्य ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए। फायरिंग के दौरान एक गोली बच्चे को भी लगने की सूचना है जो छिटककर उसे घायल कर गई है।
बाइक रोक मारी गोली, फिर लूटा
सोहन कुमार ने बताया कि इस दौरान उनके बाइक पर मौजूद बच्चे को भी एक गोली छूकर निकल गई। गोली सोहन के पैर में लगी है, जबकि उनकी पत्नी के जबड़े में गोली लगी है। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। लूट के शिकार दंपती ने पुलिस को बताया कि कुल 7 लाख के गहने लुटेरे उनसे लूटकर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है। वारदात के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है। मौके पर पहुंचे ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि दिन में बाइक सवार दंपती के साथ लूट की घटना हुई है। लूटेरों का विरोध करने पर अपराधियों ने गोली मार दी, जिसमें दंपती घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अपराधियों द्वारा पति-पत्नी दोनों के साथ लूट की गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।