जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव का समय निकट आ रहा है, प्रदेश में सियासी हलचल भी तेज होती जा रही है। केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के नेता चिराग पासवान ने केंद्र की राजनीति छोड़ राज्य में विधान सभा चुनाव लड़ने के संकेत दिये हैं। कुछ दिन पहले एक मीडिया चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा था कि पार्टी कार्यकर्ता मुझे मुंख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। मेरा विजन भी बिहार फर्स्ट का है। अब इसी कड़ी में आज सोमवार को बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर एक पोस्टर लगा है जिसमें चिराग पासवान को बिहार की उम्मीद कहकर संबोधित किया गया है।
पटना में चिराग पासवान की पार्टी लोजपा आर के एक जिलाध्यक्ष की तरफ से ये पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में लिखा है कि बिहार की उम्मीद का नाम है चिराग पासवान। पोस्टर पर नीचे लिखा है कि जब नेता पूरे बिहारे के हैं तो फिर सीमित सीट बंटवारा क्यों? बिहार का भविष्य तो चिराग ही बदलेंगे। पोस्टर में यह भी लिखा है कि बिहार के लोगों को आपसे (चिराग) उम्मीद है। आइए और अब बिहार और यहां के लोगों की उम्मीदों को संभालिए। पार्टी नेता इमाम गजाली की ओर से लगाए गए पोस्टर में कहा गया है कि बिहार की उम्मीद का नाम चिराग है।
चिराग पासवान के जीजा और उनकी पार्टी के सांसद अरुण भारती ने ट्विटर के माध्यम से कहा है कि चिराग पासवान विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, ऐसे में पटना में चिराग पासवान को लेकर पोस्टर लगाया गया है। इस पोस्टर में चिराग को शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ाने की बात कही गई है। इसमें कहा गया है कि बिहार की उम्मीद का नाम चिराग है। जब नेता पूरे बिहार का तो सीट का दायरा सीमित क्यों? पोस्टर में यह भी कहा गया है कि पलायन अब चिराग पासवान ही रोक सकते हैं। रोजगार चिराग पासवान ही दे सकते हैं।
मालूम हो कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर NDA में सीट बंटवारा अभी बाकी है। बिहार में दलित समुदाय के प्रमुख नेता रामविलास पासवान द्वारा स्थापित पार्टी खुद को राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण मानती है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में राजग से बाहर निकलने के बाद लोजपा आर ने नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को काफी नुकसान पहुंचाया था। हालांकि, पासवान की पार्टी उस चुनाव में केवल एक सीट जीत सकी और बाद में उसे विभाजन का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में उसने अपना राजनीतिक जादू फिर से हासिल कर लिया तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में उसने पांच लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ा और सभी पर जीत हासिल की। तीसरी बार लोकसभा में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे चिराग पासवान ने कभी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। लेकिन हाल में उन्होंने राज्य की राजनीति के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की है। यह पोस्टर उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की एक अभिव्यक्ति ही है।