आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने आज बुधवार को सुबह—सुबह अपने नवजात पोते का नामकरण कर दिया। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने तेजस्वी यादव और राजश्री यादव के बेटे और अपने पोते का नाम इराज लालू यादव रखा है। इराज के हिन्दी में कई मतलब हैं लेकिन भगवान हनुमान को भी इस नाम से पुकारा जाता है। लालू यादव ने आज सुबह राबड़ी, तेजस्वी और राजश्री के साथ पोते की फोटो सोशल मीडिया पर डाली। उन्होंने बताया कि पोते का नाम इराज लालू यादव रखा गया है। लालू यादव ने अपने पोते और पोती का नामकरण धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किया है।
लालू ने अपने पोते का नाम इराज लालू यादव रखने की वजह भी बताई है। लालू यादव ने कहा कि जैसे उन्होंने नवरात्र में पैदा हुई अपनी पोती का नाम कात्यायनी रखा था, वैसे ही हनुमान जी के दिन यानी मंगलवार को पैदा हुए पोते का नाम इराज रखा है। इराज एक संस्कृत शब्द है। इसके कई अर्थ होते हैं। इराज का एक अर्थ हनुमान जी भी है। कामदेव को भी इराज कहा जाता है। इसके अलावा, इराज का मतलब फूल, खुशी और जल से पैदा होने वाला भी होता है। मालूम हो कि तेजस्वी यादव और राजश्री यादव को दूसरा बच्चा हुआ है। बच्चे का जन्म कोलकाता के एक अस्पताल में हुआ जिसके बाद तेज प्रताप प्रकरण से परेशान लालू परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
तस्वीर के साथ लिखे पोस्ट में लालू यादव ने कहा कि उनकी पोती कात्यायनी का जन्म शुभ नवरात्रि के छठे दिन कात्यायनी अष्टमी को हुआ था और इस नन्हे बच्चे का जन्म बजरंग बली हनुमान जी के मंगल दिवस मंगलवार को हुआ है, इसलिए उसका नाम ‘इराज’ रखा गया है। उन्होंने यह भी लिखा कि—’आप सभी की शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद! नवजात और उसकी मां स्वस्थ हैं।’ आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने जैसे ही अपने पोते के नाम की एक्स पर घोषणा की तो उनके पोस्ट पर यूजर्स बधाई देने के साथ-साथ नाम की सराहना करने लगे।