बिहार में एनडीए की बंपर जीत के बाद बीजेपी और जेडीयू के साथ ही गठबंधन में शामिल तमाम छोटे दल भी गदगद हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार भी बन चुकी है और सब काम आराम से चल रहा है। लेकिन उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अंदर सबकुछ ठीक नहीं गुजर रहा है। ऐसा तब से ही शुरू है जब से कुशवाहा ने चुनावी परिदृश्य से गायब रहे अपने बेटे को अचानक पार्टी कोटे से मिले मंत्री पद पर विराजमान करवा दिया। इसे लेकर पार्टी में तभी से नाराजगी के स्वर बुलंद होने लगे। मालूम हो कि कुछ दिन पहले कुशवाहा के करीबी और विधायक रामेश्वर महतो ने एक एक्स पोस्ट की थी। तभी से कहा जा रहा था कि कुशवाहा की पार्टी में कुछ तो गड़बड़ है। अब नई कड़ी में कुशवाहा के घर बीती देर रात हुई लिट्टी-चोखा पार्टी में तीन विधायक शामिल नहीं हुए।
खबर है कि RLM के तीनों विधायक माधव आनंद, रामेश्वर महतो और आलोक सिंह उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर कल रात आयोजित लिट्टी चोखा के भोज में शामिल न होकर सीधे पटना में ही मौजूद बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करने पहुंच गए। इस घटना के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मचा हुआ है। बताया जाता है कि तीनों विधायक उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। कुछ दिन पहले रामेश्वर महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि राजनीति में सफलता केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सच्ची नीयत और नीति से मिलती है। दरअसल, रामेश्वर महतो मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज हैं। उपेंद्र कुशवाहा अपने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनवाने में सफल रहे। इसी को लेकर पार्टी के अंदर सवाल उठ रहे थे।
दरअसल, उपेंद्र कुशवाहा अपने पार्टी के विधायक दल का नेता अपनी पत्नी को बनाना चाहते थे। विधायकों की नाराजगी को देखते हुए माधव आनंद को विधायक दल का नेता बनाया गया था। बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने के बाद तो पार्टी के अंदर और ज्यादा सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कुशवाहा की पार्टी के अंदर लगातार नाराजगी चल रही है। इससे पहले कुशवाहा ने अपनी पार्टी की कई इकाइयों को भंग कर दिया था। रालोमो में तभी से खटपट चल रही है जब से उपेंद्र कुशवाहा ने बिना चुनाव लड़ाए अपने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनवा दिया। इससे पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक नाराज हो गए। इन तीनों नाराज विधायकों ने न सिर्फ खुलेआम भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की, बल्कि उनके साथ तस्वीर भी खिंचाई और उस तस्वीर को बजाप्ता सोशल मीडिया पर शेयर कर सबको इसकी जानकारी भी दी।