मुजफ्फरपुर से एक अत्यंत हैरान करने वाली खबर है। यहां एक बहू से दहेज के रूप में गहने और कार नहीं, बल्कि उसकी किडनी की मांग की गई। जानकारी के अनुसार शादी के बाद ससुराल वाले पैसे और बाइक की मांग कर रहे थे। बाद में, पति की किडनी खराब होने पर वे दुल्हन पर अपनी किडनी दान करने का दबाव बनाने लगे। जब बहू ने किडनी देने से इंकार किया तो उसे ससुरालवालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़ित बहू ने थाना पहुंचकर पूरी बात पुलिस को बताई तो उनका भी माथा घूम गया। इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में एक मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। फिलहाल महिला थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित दुल्हन का नाम दीप्ति बताया जाता है और वह मुजफ्फरपुर में मिठनपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। दीप्ति द्वारा महिला थाने में दर्ज शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2021 में उसकी शादी बोचहां थाना क्षेत्र एक युवक से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब ठीक था। लेकिन कुछ ही महीनों बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। वे उस पर मायके से पैसे और बाइक लाने का दबाव बनाने लगे। जब उसने विरोध किया, तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और ताना मारा जाने लगा।
दीप्ति का आरोप है कि शादी के लगभग दो साल बाद उसे पता चला कि उसके पति की एक किडनी खराब है। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे धमकाया। उन्होंने कहा कि अगर वह दहेज नहीं ला सकती, तो अपनी एक किडनी पति को दान कर दे। ससुराल वाले कहने लगे कि अगर वह मायके से दहेज नहीं ला सकती तो अपनी एक किडनी पति को दे दे। दीप्ति बताती है कि शुरू में यह बात सामान्य तरीके से कही गई, लेकिन बाद में उस पर लगातार किडनी देने का दबाव बनाया जाने लगा। इसके बाद जब दीप्ति ने किडनी देने से इनकार कर दिया तो ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया।
ससुरालवालों के प्रताड़ित करने और घर से निकाले जाने के बाद दीप्ति मायके चली आई और फिलहाल वह वहीं रह रही है। इस मामले को लेकर दुल्हन दीप्ति ने महिला थाना में अपने ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर आपसी समझौता कराने की कोशिश की। लेकिन उनके बीच समझौता नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने परेशान होकर महिला थाने में कांड संख्या 38/25 दर्ज किया। प्राथमिकी में पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों को आरोपी बनाया गया है।