राजधानी पटना में एक युवक के कथित अपहरण के विरोध में आज बुधवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। अपहृत युवक का नाम बंटी बताया जाता है और वह करबिगहिया इलाके में परिवार के साथ रहता है। उसकी सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर आज सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने करबिगहिया स्टेशन के पास सड़क पर टायर जलाकर जमकर प्रदर्शन किया। इससे करबिगहिया और चिरैयाटांड़ पुल के आसपास के इलाकों में भीषण जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द अपहृत युवक की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण करबिगहिया की तरफ पटना जंक्शन के आसपास यातायात पूरी तरह बाधित रहा। जानकारी के अनुसार करबिगहिया कब्रिस्तान गली निवासी 25 वर्षीय बंटी देर रात पटना जंक्शन के पास दही खरीदने गया था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो पर सवार लोगों ने पहले उसके साथ खूब मारपीट की फिर जबरन उसे गाड़ी में लेकर फरार हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कथित तौर पर बंटी को वाहन में ले जाते हुए देखा जा सकता है। परिजनों ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई।
परिजनों आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक बंटी की बरामदगी नहीं हो सकी है। इसी से नाराज होकर लोगों ने बुधवार को सुबह उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई करती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती थी। उनका यह भी कहना है कि बंटी इलाके में संचालित सेक्स रैकेट का विरोध किया करता था। परिजनों का कहना है कि इसी रंजिश में उसका अपहरण किया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इधर प्रदर्शन के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बंटी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि यदि दो दिनों के भीतर बंटी की बरामदगी नहीं होती है तो वह खुद स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।