पटना में बीती रात चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ जिसमें फायरिंग का भी दावा किया गया। इस घटना में उनकी कोचिंग के दो गार्ड घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र की है। हालांकि पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है। खान सर ने बताया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम में उनके कोचिंग संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए थे। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के बाद सभी लोग घर लौट गए थे। इसी दौरान फायरिंग की सूचना मिली। उन्होंने दावा किया कि करीब 8—10 राउंड फायरिंग हुई। खान सर ने कहा कि इस घटना के पीछे आसपास के कुछ कोचिंग संचालकों की भूमिका हो सकती है। उनका कहना था कि वे नहीं चाहते कि छात्रों को कम फीस में शिक्षा मिले और इसी वजह से वे नाराज थे।
हालांकि घटना के करीब 12 घंटे बाद आज बुधवार की सुबह खान सर इस घटना में अपने फायरिंग के दावे से पलट गए हैं। थाने में दर्ज एफआईआर में इस तरह की किसी फायरिंग का उल्लेख नहीं किया गया है। खान सर ने पत्रकारों से बातचीत में फायरिंग से जुड़े सवाल से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि उस समय माहौल काफी तनावपूर्ण था, इसलिए उन्हें स्थिति को समझने में भ्रम हो गया था। खान सर ने आज क्लास लेने से इनकार कर दिया है। इसके बाद छात्र उनके समर्थन में सड़क पर उतर आए और “खान सर जिंदाबाद” के नारे लगा रहे हैं। खान सर स्वयं सड़क पर नारे लगा रहे छात्रों को माइक के माध्यम से शांत रहने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि पुलिस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है और कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से सड़क खाली करने का आग्रह किया। खान सर ने कहा कि सड़क जाम होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है।
जानकारी के अनुसार बीती रात 10:10 बजे हुई इस घटना में कोचिंग सेंटर के एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई। घायल गार्ड को इलाज के लिए पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि पहले कुछ लोग मौके पर पहुंचते हैं, फिर उनकी संख्या बढ़ जाती है। इसके बाद गार्ड को बाहर ले जाकर उसकी पिटाई की जाती है। वीडियो में पत्थरबाजी और पोस्टर फाड़ने की तस्वीरें भी दिखाई दे रही हैं। घटना के समय कोचिंग संस्थान के अंदर कार्यक्रम चल रहा था। फुटेज में हमलावरों के दिखने की बात भी कही जा रही है। आरोप है कि हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर छात्र थे या बाहरी लोग। इस मामले में पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।