झारखंड में NDA की सीट शेयरिंग का फॉर्मुला तय हो गया है। इसका आधिकारिक ऐलान तो अभी नहीं किया गया है लेकिन सूत्रों के हवाले से खबर है कि बीजेपी 69 से 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। तय फॉर्मूले के तहत बीजेपी की सहयोगी सुदेश महतो की पार्टी आजसू 9-11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के खाते में 2-3 से तीन विधानसभा सीटें दी गईं हैं। जदयू 11 सीटों की डिमांड कर रही थी, लेकिन भाजपा आलाकमान से बातचीत के बाद 2 से 3 सीटों पर बात बन जाने की खबर है।
भाजपा 69 से 70 सीटों पर लड़ेगी
यह भी जानकारी मिली है कि झारखंड चुनाव के लिए बीजेपी आज बुधवार को ही देर शाम तक अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। बताया जा रहा है कि बीजेपी 60 के करीब उम्मीदवारों के नाम तय भी कर चुकी है। बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति ने उम्मीदवारों का नामों पर मुहर लगा दी है। जल्द ही नामों का ऐलान भी किया जा सकता है। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में चुनाव होंगे। 13 नवंबर को पहले चरण में 43 सीटों पर और दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।