बेगूसराय से एक बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। यहां छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीर नगर गांव में बीती देर रात जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के नेता निलेश कुमार की कुख्यात बदमाश बृजेश महतो ने गोली मारकर हत्या कर दी। जदयू नेता को तब गोली मारी गई जब वे अपने घर के मवेशी बथान में सो रहे थे। हमलावरों की संख्या 6 बताई जाती है जिन्होंने
वारदात को अंजाम दिया और फिर उसके बाद हथियार लहराते हुए आराम से भाग निकले। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हत्या की यह घटना छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीर नगर गांव में घटित हुई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस हत्या को भूमि विवाद के कारण अंजाम दिया गया। इसको लेकर 2019 में दोनों पक्षों के बीच मामला भी दर्ज हुआ था।
बताया जाता है कि पीर नगर गांव के निवासी राम बली महतो के 30 वर्षीय पुत्र निलेश कुमार अपने घर से कुछ दूर पर स्थित भैंस के डेरा पर सो रहे थे। इसी दौरान बीती देर रात करीब 11 बजे इसी गांव का रहने वाला कुख्यात बदमाश बृजेश महतो अपने करीब 6 साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचा। उसने और उसके साथ आए 6 बदमाशों ने आते ही निलेश को ताबड़तोड़ गोलियां मारीं और फिर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े, तब तक हथियारबंद बदमाश फरार हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मंझौल डीएसपी और छौड़ाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। FSL की टीम द्वारा मौके से सबूत इकट्ठा करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के पिता रामबली महतो ने बताया कि नीलेश जदयू के पंचायत अध्यक्ष थे और हाल ही में विधानसभा चुनावों में भी सक्रिय रहे थे। उन्होंने बताया कि पहले गांव के ही बृजेश कुमार के साथ जमीन विवाद था। बेगूसराय SP मनीष ने कहा कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि घटना की वजह पुराना जमीन विवाद है। परिजनों के आरोप के आधार पर बृजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।