खगड़िया से एक सनसनीखेज खबर है जहां एक जदयू नेता और बेलदौर विधायक के भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक जदयू नेता का भतीजा ही है, जो घटना के बाद से फरार है। घटना चौथम थाना क्षेत्र के जयप्रभा नगर की है जहां जदयू के महासचिव और बेलदौर विधायक पन्ना सिंह पटेल के भांजे कौशल सिंह की हत्या की गई है। इस घटना के बाद खगड़िया पुलिस पर कई सवाल खड़े किये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक प्रकाश सिंह को उनके भतीजे ने ही गोली मारी है। पूरा मामला पारिवारिक विवाद का बताया जा रहा है। घटना के बाद खगड़िया में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस सारे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार हत्या को संपत्ति के विवाद में अंजाम दिया गया। मृतक जदयू महासचिव कौशल सिंह की पत्नी ने इस कांड के लिए कौशल सिंह के भतीजे आशिष सिंह को जिम्मेवार ठहराया है। पत्नी का आरोप है कि आशिष ने संपत्ति विवाद को लेकर उसके पति की हत्या की है। हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि मृतक कौशल सिंह का अपनी पत्नी से भी अक्सर विवाद हुआ करता था। इधर इस हत्या के बाद स्थानीय लोगो का कहना है कि मृतक के परिवार में ही उसकी हत्या का ष़डयंत्र रचा गया है। पत्नी का भी यह आरोप है कि उनके पति की हत्या से पहले कई दिनों से षडयंत्र रचा जा रहा था।
स्थानीय सूत्रों और पड़ोसियों ने बताया कि कौशल सिंह की हत्या को पूरी प्लानिंग के अनुसार अंजाम दिया गया और इसकी फुलप्रूफ योजना तैयार की गई थी। सूत्रों का दावा है कि हत्या के पूर्व षडयंत्र के तहत मृतक के परिवार के लोग ही इस घटना को लेकर मौके की तालाश में थे। पूरे दिन सुबह से लेकर घटना को अंजाम देने तक मृतक कौशल सिंह की सभी गतिविधी पर नजर बनाई गई थी, जिसके आधार पर इस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल चौथम थाने की पुलिस सभी एंगल से इस मामले की जांच कर रही है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि विगत 8 दिनों से मृतक कौशल सिंह की गतिविधियों और उनके घर की रेकी की जा रही थी जिसकी चर्चा भी उन्होंने कुछ लोगों से की थी।