जमुई के खैरा बाजार में आज गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से कोचिंग जा रही एक छात्रा की हाईवा से कुचलकर हुई मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ मचाया और आगजनी की। मौके पर पहुंची पुलिस को खदेड़ने के बाद भीड़ ने खैरा थाने पर पथराव कर दिया जिसके बाद पुलिस को करीब 40 राउंड गोलियां चलानी पड़ी। पुलिस के अनुसार कोचिंग जा रही छात्रा एक बालू लदे तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आ गई। 9वीं की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद छात्रा की बॉडी टायरों के बीच फंस गई और ट्रक उसे करीब 15 फीट तक घसीटता चला गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा तथा आक्रोशित भीड़ ने पहले तोड़फोड़ की और फिर पथराव किया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पुलिस को 40 राउंड से अधिक हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
हाईवा में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव
जानकारी के अनुसार आज सुबह बरियारपुर निवासी जितेंद्र मंडल की पुत्री मुस्कान रोज की तरह कोचिंग जाने के लिए साइकिल पर घर से निकली। बीच रास्ते उसे एक हाईवा ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भारी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और सबसे पहले दुर्घटना को अंजाम देने वाले हाईवा में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद खैरा थाना की पुलिस वहां पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगी। लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस पर ही पत्थरों से हमला बोल दिया। पथराव में कई पुलिस वाले गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस लाइन और आसपास के थानों से अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर बुलाया गया। लेकिन प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए और पुलिस को खदेड़ते हुए खैरा थाना परिसर तक पहुंच गए। वहां उपद्रवियों ने थाना परिसर में खड़ी पुलिस गाड़ियों को निशाना बनाया और जमकर पथराव किया जिससे 6 पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
5 उपद्रवी गिरफ्तार, CCTV से जांच
थाना भवन को भी पत्थरबाजी से भारी नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में 40 राउंड से अधिक हवाई फायरिंग की जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक बच्ची की मौत के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव और उपद्रव की घटना को अंजाम दिया गया। इस सिलसिले में पुलिस ने अब तक 5 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। घटनास्थल और थाने के आसपास के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और प्रशासन शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।