जमुई में एक लड़के के साथ जा रही स्कूटी सवार लड़की के साथ बदसलूकी करने के मामले में पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए तीन मनचलों को गिरफ्तार कर लिया है। एडीजी सुहिता अनुपम ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वहीं, राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इधर इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घिनौने कांड पर कड़ा ऐतराज जताते हुए बिहार सरकार बिहार सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना को बेहद परेशान करने वाला बताया है। राहुल गांधी ने कहा कि वीडियो में दिख रहे सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो आरोपियों की गिरफ्तारी में इतनी देरी क्यों?

दरअसल, मामला तब सामने आया जब युवती के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरत हुआ। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और युवक—युवती के साथ ही सभी आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कराई। इसके बाद जमुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस शर्मनाक कांड का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य महिला आयोग ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए इसका स्वत: संज्ञान लिया और दोषियों के खिलाफ बिना किसी समझौते के सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिये।
एडीजी सुहिता अनुपम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए मनचलों की पहचान मिथिलेश कुमार, पिता- नरेश चौधरी, प्रमोद कुमार, पिता- पंकज चौधरी और गोलू कुमार, पिता-सिकंदर चौधरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों आरोपी जमुई जिले के ही मरवा गांव के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। इधर मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि उनकी एक टीम मौके पर जाएगी और पीड़िता से बात करेगी।
