वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जढुआ ओपी अध्यक्ष दारोगा कौशल किशोर ने बीती देर शाम अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जांच में यह खुलासा हुआ है कि प्रेम प्रसंग के चलते ओपी अध्यक्ष ने खुदकुशी की है। तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने बताया कि हाजीपुर ट्रेजरी ऑफिस में तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ मृतक सब-इंस्पेक्टर का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसके बाद चार महीने पहले कौशल किशोर ने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। इसके बाद दारोगा पर लगातार महिला कांस्टेबल द्वारा दूसरी महिला को छोड़ने का दबाव बनाया जाने लगा। इससे तंग आकर सब-इंस्पेक्टर कौशल किशोर तनाव में रहने लगा और बीती देर शाम को उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर मौत को गले लगा लिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक दरोगा कौशल कुमार 2019 बैच के एसआई थे और वह खगड़िया जिले के रहने वाले बताए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग, सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार, नगर थाना अध्यक्ष सहित कई थानों की पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार कौशल कुमार 2019 बैच के दरोगा थे। वे करीब 15 दिन पहले बिदुपुर थाना से स्थानांतरित होकर हाजीपुर आए थे। इसके बाद वैशाली पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग द्वारा उन्हें जढुआ ओपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। वे जढुआ बैंकमैन कॉलोनी स्थित अपने किराए के मकान में अपनी पत्नी के साथ रहते थे।
तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि जढुआ ओपी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर कौशल किशोर (2019 बैच) ने हाजीपुर स्थित अपने निजी आवास पर अपनी सर्विस पिस्टल से आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण निजी बताया जा रहा है। उनका हाजीपुर के ट्रेजरी में तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में उनकी शादी किसी दूसरी महिला से हो गई थी। शादी के बाद महिला कांस्टेबल द्वारा उन पर दूसरी महिला को छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा था, इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली।