पटना | बिहार के चर्चित कोचिंग संस्थान ‘खान सर ग्लोबल स्टडीज’ और ‘ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी’ के बीच चल रहे विवाद ने अब एक दुखद और राजनीतिक मोड़ ले लिया है। ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में मिला है। इस घटना के बाद बिहार के गलियारों में हड़कंप मच गया है। रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की मौत की खबर के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने हत्या की बात कहते हुए सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट साझा किया है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने आशंका जताते हुए सरकार से बड़ी मांग कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सहरसा निवासी प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। गौरतलब है कि 2 जून को पटना में खान सर के संस्थान पर हुए हमले और तोड़फोड़ के मामले में प्रिंस यादव का नाम भी आरोपियों की सूची में शामिल था। बताया जा रहा है कि वह इसी मामले के बाद से नेपाल में थे। हालांकि, मौत के असल कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और नेपाल पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस घटना को सीधे तौर पर ‘हत्या’ करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद जी के भाई प्रिंस जी की नेपाल विराटनगर में हत्या! यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। बिहार सरकार नेपाल प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। एक भाई (रौशन आनंद) जेल में बंद है और दूसरे की हत्या हो गई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
वहीँ, छात्र नेता दिलीप कुमार ने भी इस मौत पर संदेह जताते हुए सवाल उठाया है कि क्या यह महज एक इत्तफाक है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। सोशल मीडिया पर भी छात्र और समर्थक इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मालूम हो कि बिहार के दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद इसी महीने 2 जून को शुरू हुआ था। इस मामले में पुलिसिया कार्रवाई के बाद ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद फिलहाल पटना की बेउर जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। और खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक ‘खान सर’ की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई लंबित है और फिलहाल कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है। नेपाल पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बिहार पुलिस भी नेपाल प्रशासन के संपर्क में है ताकि मामले की तह तक पहुँचा जा सके।