गयाजी से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई जिसमें एक गूंगी विधवा महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित मल्लाह टोली में रेलवे लाइन के पास रहने वाली महिला की उसके कमरे में ही आज सुबह नग्न हालत में लाश पड़ मिली। महिला की उम्र 50 वर्ष बताई जाती है और उसके साथ रेप के बाद बेरहमी से हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहरी छानबीन में जुटी हुई है। महिला के सिर पर गैस सिलेंडर से हमला किए जाने के निशान मिले हैं और कमरे में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। आशंका है कि दुष्कर्म के बाद हमलावर ने सिलेंडर से कूचकर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान गूंगी देवी, पति कृष्णा साव के रूप में हुई है।
पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया कि महिला मूक-बधिर थी और घर में अकेली रहती थी। उसके पति की करीब तीन साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी थी और उसकी कोई संतान भी नहीं थी। महिला न तो बोल सकती थी और न ही सुन सकती थी। ऐसे में आशंका है कि अपराधी ने उसकी इसी कमजोरी का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम देकर आसानी से मौके से निकल गया। महिला अपने परिवार से अलग अपने पुराने और तंग मकान में अकेली रहती थी। परिजन और पड़ोसी अक्सर उसे अकेले घर में नहीं सोने की सलाह देते थे, लेकिन वह अपने घर में ही रहने पर अड़ी रहती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले महिला के साथ क्या हुआ था और वारदात में कौन शामिल था। पड़ोसियों का कहना है कि महिला का किसी से कोई खास विवाद या दुश्मनी सामने नहीं थी। ऐसे में घर के अंदर उसकी हत्या की घटना ने आसपास के लोगों को भी सकते में डाल दिया है।
आज गुरुवार सुबह काफी देर तक जब गूंगी देवी अपने कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो पड़ोस की महिलाओं को शक हुआ। लोगों ने काफी आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने दरवाजा ढकेला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। महिला का शव नग्न और संदिग्ध अवस्था में पड़ा था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और कमरे में खून बिखरा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। यह भी आशंका है कि महिला पर कमरे के अंदर ही जानलेवा हमला किया गया। फिलहाल घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर FSL और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।
