मोतिहारी के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में गांव के पोखर में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक महिला और उसके चार बच्चे शामिल हैं। मृतक महिला की पहचान मोतिहारी जिले के गोविंदगंज थानांतर्गत बाभनौली पंचायत निवासी धर्मेन्द्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। बाद में मौके पर अरेराज के अंचलाधिकारी और गोविंदगंज थाने की पुलिस टीम पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक महिला समेत 4 शवों को बाहर निकाला गया है, जबकि एक अन्य शव की तलाश जारी है। सभी बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
प्रशासन और गोताखोरों की मदद से पोखर में सर्च अभियान चलााया जा रहा है। पुलिस ने बरामद शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि महिला अपने बच्चों के साथ पशुओं के लिए चारा काटने गई थी और उसी दौरान किसी कारणवश सभी पोखर में डूब गए। पुलिस दोनों संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी