मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पुलिस ने आज शनिवार को सुबह-सुबह गोपालगंज में रंगदारी, लूट और हत्या के कुख्यात आरोपी का हाफ एनकाउंटर कर उसे धर दबोचा। पुलिस और इस कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ तब शुरू हुई, जब पुलिस ने एक गुप्त सूचना के बाद उसे नगर थानांतर्गत थावे मोड़ के पास घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने कुख्यात अपराधी आकाश सिंह के दोनों पैरों में गोली मारकर उसे दबोच लिया। जानकारी के अनुसार अपराधी आकाश सिंह के दोनों पैरों में गोली है और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। आकाश सिंह 50 हजार का इनामी बदमाश है। उस पर एक पूर्व मुखिया की हत्या, लूट और रंगदारी समेत कुल 12 मामले विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं।
आकाश सिंह के दोनों पैरों में लगी गोली
मिली जानकारी के अनुसार आकाश सिंह थावे थाना क्षेत्र के बरईहाता गांव निवासी मनोज सिंह का पुत्र है। आज शनिवार की सुबह गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास के पास यह मुठभेड़ हुई है। गोली लगने के बाद आकाश सिंह को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुख्यात आकाश सिंह के ऊपर 50 हजार का इनाम भी रखा गया था। उसके ऊपर करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं जिसमें पुलिस को उनकी तलाश थी। वह वर्ष 2021 मे जेल से छूटकर बाहर आया था और तब से वह दोबारा अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। बताया जाता है कि एक पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या समेत रंगदारी, लूट और किडनैपिंग के कई कांड उसके खिलाफ दर्ज हैं। गोपालगंज एसटीएफ पिछले 5 वर्षों से उसकी तलाश कर रही थी।
बंजारी बायपास के पास जुटे थे अपराधी
पुलिस सूत्रों ने बताया की उन्हें इनपुट मिली थी कि कुख्यात अपराधी आकाश कुमार अपने अन्य साथियों के साथ नगर थानांतर्गत थावे बंजारी बायपास रोड के आसपास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही नगर थाना और डीआईयू की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन अपराधियों को गिरफ्तार करने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान अपराधियों की तरफ से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में भी पुलिस ने कई राउंड गोलियां चलाई जिसमें कुख्यात अपराधी आकाश के दोनों पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने कुख्यात आकाश को अपने हिरासत में लिया और उसे सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। एफएसएल की टीम को भी सदर अस्पताल में बुलाया गया है जो अपराधी के पास से बरामद सामान और उसके कपड़े का सैंपल कलेक्ट कर रही है।