गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित न्यू एरिया पिपरपांती मोहल्ले में आज सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ड्रग विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक घर में सुबह—सुबह छापेमारी शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार यह मकान पूर्व सांसद रंजीत सिंह उर्फ रंग सिंह का है। बताया गया कि पूर्व सांसद के घर में किराए पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का कार्यालय है और इसी सिलसिले में यह छापेमारी की गई है। पूर्व सांसद रंजीत सिंंह झारखंड के चतरा से 1980 में कांग्रेस टिकट पर लोकसभा सांसद चुने गए थे। तीन साल पहले ही पूर्व सांसद रंजीत सिंह का निधन हो चुका है। जानकारी के अनुसार छापेमारी की कार्रवाई के दौरान पूर्व सांसद के घर से भारी मात्रा में नकली और नशीली दवाओं की बरामदगी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार पूर्व सांसद के जिस मकान में किराए पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का कार्यालय संचालित होता है, उसके बारे में ड्रग विभाग को लंबे समय से अवैध दवा कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस और ड्रग विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध ड्रग और नशीली दवाइयां बरामद हुईं हैं। हालांकि कार्रवाई अभी जारी है, और अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। सहायक औषधि नियंत्रक विजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शहर के पीपरपांती मोहल्ले में छापेमारी की गई है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि छापेमारी पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।
छापेमारी के दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। अचानक हुई कार्रवाई से पिपरपांती मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।फिलहाल, ड्रग विभाग और पुलिस की टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में दवा कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। उधर आज अचानक हुई इस कार्रवाई से पिपरपांती मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल है, और लोग पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ड्रग विभाग को लंबे समय से यहां अवैध दवा कारोबार की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।