बिहार के 15 जिलों में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच आज केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय टीम बिहार आ रही है। यह टीम यहां राहत और बचाव के साथ बाढ़ से हुए नुकसान का भी जायजा लेगी। इसबीच एक ओर जहां राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष सरकार पर पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के राहुल गांधी ने भी बिहार की बाढ़ को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट कर बाढ़ में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। वहीं बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बाढ़ के मुद्दे पर राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार को भी घेरते हुए केंद्र से पर्याप्त मदद की मांग की।
राहुल की कार्यकर्ताओं से अपील
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर कहा कि बिहार में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ उनकी सहानुभूति है। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने में सहयोग करें। इसके साथ ही राहुल गांधी ने सरकार और प्रशासन से भी राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता बरतने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जानी चाहिए।
बिहार में बाढ़ पर बढ़ी बयानबाजी
बिहार में बाढ़ का दायरा बढ़ने के साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। सरकार जहां राहत और सहायता के लिए किए जा रहे इंतजामों को सामने रख रही है। वहीं विपक्ष प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचने को लेकर सवाल उठा रहा है। ऐसे में बाढ़ अब सियासी मुद्दा भी बनती जा रही है। इस समय बिहार में बाढ़ से बड़ी आबादी प्रभावित है। जहां राहुल गांधी ने बाढ़ में हुई मौतों को लेकर अपनी संवेदना जाहिर की है, वहीं कुछ इलाकों में पानी उतरने के बाद महामारी की भी आशंका है। पुनपुन और गंगा में अभी भी उफान बना हुआ है। लेकिन पुनपुन के कुछ निचले इलाकों में पानी घटने लगा है। इस बाढ़ में बिहार में बड़े पैमाने पर फसलों की क्षति हुई है। इसी को देख्ते हुए केंद्रीय टीम आ रही है जिसके बाद प्रभावित लोगों को मदद दी जाएगी।