बिहार विधासनभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज में आज दो और चर्चित चेहरे शामिल हो गए। आज शुक्रवार को वीआरएस के बाद एक आईपीएस एवं भोजपुरी सिने जगत के मशहूर सिंगर एवं एक्टर रितेश पांडेय जन सुराज पार्टी का दामन थामा। छपरा निवासी आईपीएम जेपी सिंह हिमाचल कैडर के अफसर हैं और उन्होंने कुछ दिन पहले ही हिमाचल एडीजी के पद से वीआरएस लिया है। वहीं दूसरे शख्स हैं, मशहूर भोजपुरी गायक रितेश पांडेय। दोनों चर्चित लोगों को जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने खुद आज पार्टी की सदस्यता दिलाई। यह भी अटकलें हैं कि भोजपुरी के पॉवर स्टार पवन सिंह भी जन सुराज का दामन थाम सकते हैं। लेकिन उनके नाम पर अभी अंतिम मुहर के बारे में स्पष्टता नहीं है।
दरअसल, चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी अपने संगठन को विस्तार देने में जुटी है। पार्टी के संस्थापक और रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने इस मौके पर एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। इसी में पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे रितेश पांडेय ने जन सुराज पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। हाल में चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने भी भाजपा छोड़ने के बाद जन सुराज में शामिल हो गए। जन सुराज में शामिल होने के बाद उन्होंने भोजपुरी स्टार पवन सिंह से मुलाकात की थी। इसी के बाद यह माना जा रहा है कि शीघ्र ही गायक और एक्टर पवन सिंह भी अब जन सुराज पार्टी में शामिल हो सकते हैं।