आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आज गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सासाराम में पदस्थापित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार चौधरी के कई ठिकानों पर एकसाथ छापा मारा। खबर है कि ईओयू की अलग—अलग टीमों ने आज सुबह लघु सिंचाई विभाग सासाराम प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार चौधरी के छह ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। रेड की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है। ईओयू के मुताबिक अरविंद कुमार चौधरी पर अपनी ज्ञात आय से करीब 1.20 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। बताया जाता है कि अभी तक शुरुआती जांच में अभियंता के खिलाफ 1 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार ईओयू की अलग—अलग टीमें दानापुर, मुजफ्फरपुर, सासाराम और बांका स्थित उनके छह ठिकानों की तलाशी ले रही हैं। अधिकारियों की मौजूदगी में घर और अन्य परिसरों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बैंक खातों, निवेश, जमीन और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। छापेमारी के दौरान टीम को मिलने वाले दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही यह तय होगा कि आरोपी के खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ईओयू की कार्रवाई जारी है और बताया गया कि जांच पूरी होने के बाद विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी साझा की जा सकती है।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। शुरुआती जांच में एक करोड़ 19 लाख 98 हजार 534 रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का मामला सामने आया है। यह राशि कार्यपालक अभियंता की ज्ञात आय से करीब 85 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। सभी 6 ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की टीम पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दे रही है। बताया गया कि पटना के दानापुर स्थित आदमपुर इलाके में वीनस पैराडाइज अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 405 और आशापुर दानापुर स्थित एक अन्य फ्लैट पर भी जांच की जा रही है। इसी तरह मुजफ्फरपुर के महमाया स्थान स्थित ससुराल और सासाराम स्थित सरकारी कार्यालय में भी टीम पहुंची हुई है। वहीं डेहरी ऑन सोन स्थित सरकारी आवास और बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत पैतृक गांव पीपरडीह में भी तलाशी अभियान चल रहा है।