विशेष निगरानी इकाई (SVU) की चार अलग—अलग टीमों ने आज मंगलवार को लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। SVU की टीमों ने पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के फ्लैट नंबर 307, जनक नंदिनी अपार्टमेंट, महावीर नगर, बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान, वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में सिमरवारा गांव और बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता के दफ्तर समेत चार ठिकानों पर एकसाथ रेड डाली। कार्यपालक अभियंता के खिलाफ यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में की गई है।
विशेष निगरानी इकाई के अनुसार एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हरेन्द्र कुमार के खिलाफ कल 10 अगस्त को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के अगले ही दिन यानी 11 अगस्त को एजेंसी की टीमों ने उनके अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के लिए एसवीयू की टीम पटना के महावीर नगर स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 307 पहुंची। यह ठिकाना पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में आता है। इसके अलावा पटना के बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान में भी तलाशी ली जा रही है। यहां से संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
जांच एजेंसी की एक टीम वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमरवारा गांव के परिसर में भी तलाशी ले रही है। वहीं, हरेन्द्र कुमार की वर्तमान पोस्टिंग वाले बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यालय में भी एसवीयू की टीम पहुंची है। यहां विभागीय दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार निगरानी टीम ने कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार को उनके सरकारी आवास से हिरासत में ले लिया है। इसके बाद उनके अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई। पटना स्थित उनके आवास से नकदी और काफी मात्रा में गहने मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा तलाशी के दौरान महंगी घड़ियां भी बरामद होने की बात कही जा रही है। बरामद नकदी की गिनती के लिए छह लोगों की टीम को लगाया गया है।