दानापुर के 4 नामी स्कूलों के बाद अब बिहार के मुख्यमंत्री आवास और पटना सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। यह धमकी आज सुबह 8 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय और बिहार भवन को भेजी गई एक ईमेल के जरिए दी गई है। ईमेल में खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताते हुए दो अलग-अलग समय पर धमाके करने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही पटना पुलिस, मुख्यालय स्तर के अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं। विदित हो कि इसी तरह की धमकी आज ही दानापुर सिथत 4 बड़े स्कूलों को भी ईमेल के जरिये भेजी गई जिसके बाद सभी स्कूल परिसर को खाली कराकर तलाशी कराई जा रही है।
जानकारी के अनुसार धमकी वाले इस ताजा ईमेल में धमाके का पूरा शेड्यूल भी लिखा गया है। मेल के मुताबिक 21 जुलाई दोपहर 3:11 बजे सबसे पहले पटना सचिवालय में पहला ब्लास्ट करने का दावा किया गया है। इसके बाद रात 9:11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय और सीएम आवास को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में कनाडा में मारे गए खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की मौत का बदला लेने का जिक्र है। भेजने वाले ने आरोप लगाया है कि सीएम सम्राट चौधरी ने पूर्व हाई कमिश्नर संजय वर्मा को पटना में छिपाकर रखा है और उन्हें निशाना बनाने के लिए ब्लास्ट किया जाएगा।
बताया जाता है कि सचिवालय थाना पुलिस ने धमकी भरे इस ताजा ईमेल की पुष्टि कर दी है। सचिवालय थाना की पुलिस ने मुख्यमंत्री सचिवालय से लिखित आवेदन मिलते ही इस संबंध में एक केस दर्ज कर जांच शुरू की है। सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को सीएम हाउस और सचिवालय भेजा गया है। फिलहाल यह टीम सचिवालय परिसर और आसपास के इलाकों की गहन जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस की साइबर सेल टीम उस ईमेल आईडी के आईपी एड्रेस और लोकेशन को ट्रैक करने में जुट गई है, जिसके जरिये यह धमकी वाला मेल भेजा गया है।