बिहार के रोहतास जिले में आरा—मोहनिया नेशनल हाईवे पर आज सोमवार तड़के सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाईवे पर दिनारा के निकट हुआ जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी अशोक सिंह की बेटी का तिलक चढ़ाने के लिए कुछ लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव गांव गए हुए थे। तिलक समारोह के बाद कुछ लोग आज तड़के अपने गांव मठिया लौट रहे थे। जैसे ही बस से उतरकर तिलक में गए लोग सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही कंटेनर ट्रक ने एक पिकअप वैन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर ट्रक ने तिलक वाली खड़ी बस को टक्कर मारते हुए वहां सड़क पार कर रहे लोगों को रौंद दिया। इस घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान लड़की के पिता अशोक सिंह, पिंटू सिंह रजनीश सिंह,राम व्रत सिंह के रूप में की गयी है। एक अन्य मृतक की पहचान नहीं की जा सकी है। मृतकों में 1 व्यक्ति करगहर के भगवानपुर का रहने वाला है, जबकि बाकी 4 लोग दिनारा के मठिया गांव के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य हैं। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आगामी 7 मई को परिवार में शादी होने वाली थी। इसी शादी के लिए बीते दिन तिलक चढ़ाने लड़की के घर वाले दूल्हे के घर गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और जश्न की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातमी सन्नाटा पसर गया है।