बाढ़ : बिहार में बेख़ौफ़ अपराधियों का दुस्साहस आसमान छू रहा है। पुलिस को खुली चुनौती देते हुए अपराधी किसी भी घटना को बेख़ौफ़ तरीके से अंजाम तक पहुंचा रहे हैं। खबर बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र के गोवासा शेखपुरा पंचायत के घेरापर गांव की है, जहाँ मंगलवार की शाम एक व्यक्ति पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले में जाँच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोवासा शेखपुरा के घेरापर निवासी अरुण यादव के ऊपर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई है। छः की संख्या में आये हथियारबंद अपराधियों ने मृतक अरुण यादव को कुल 4 गोलियां मारी और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि अरुण यादव अचेत होकर गिरे हुए हैं। जिसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पंडारक थाने की पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-1 ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज, मामले की जांच में जुट गई है।
एएसपी राकेश कुमार ने बताया कि अरुण यादव की हत्या गोली मारकर कर दी गयी है। मृतक अरुण यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उनपर करीब एक दर्जन से अधिक हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि अनुमान है कि “पूर्व के विवाद के कारण इनकी हत्या की गई है। शाम को साढ़े छह बजे घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस गहन छानबीन में जुटी हुई है और इस घटना के जो भी आरोपी होंगे उनको जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।