मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी कुमारी ममता के मुंगेर दौरे पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें दिये गए प्रोटोकॉल को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। RJD के मुख्य प्रवक्ता और तेजस्वी यादव के करीबी शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में सत्ता का एक अजीब और असंवैधानिक खेल चल रहा है, जहां पूरी सरकारी मशीनरी एक ऐसी महिला के सम्मान में झुकी हुई है जिसके पास कोई संवैधानिक पद नहीं है। राजद ने CM की पत्नी के मुंगेर और अन्य इलाकों के दौरों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि किस नियम के तहत जिले के पुलिस अधीक्षक और सुरक्षा बलों की बड़ी टुकड़ियां ऐसे व्यक्ति के साथ जा रही हैं जिसके पास कोई संवैधानिक पद नहीं है।
राजद नेता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि बिहार में राजशाही जैसी स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने बताया कि जब भी मुख्यमंत्री की पत्नी शाही अंदाज वाले बड़े काफिले के साथ बाहर निकलती हैं, तो SP से लेकर निचले स्तर तक के बड़े अधिकारी तैनात किए जाते हैं। वह सरकारी विभागों और शिक्षण संस्थानों का औपचारिक निरीक्षण भी कर रही हैं। शक्ति यादव ने सवाल किया कि क्या गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग ने मुख्यमंत्री की पत्नी के लिए कोई विशेष अधिसूचना या ‘Z+’ प्रोटोकॉल जारी किया गया है? या फिर पूरे राज्य की गवर्नेंस को ही परिवार को आउटसोर्स कर दिया गया है?
RJD प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है, तो दूसरी तरफ अपने परिवार के लिए नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। उन्होंने कहा कि कहा कि एक तरफ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और समूचे विपक्ष के प्रमुख नेताओं की सुरक्षा में जानबूझकर और योजनाबद्ध तरीके से कटौती की जा रही है। दूसरी ओर, सीएम के परिवार के सदस्यों के लिए पूरी सरकारी फोर्स तैनात कर दी गई है। तंज कसते हुए राजद नेता ने पूछा कि क्या अब CM के पूरे परिवार और रिश्तेदारों के लिए अलग-अलग आवास तय किए जाएंगे और क्या उन्हें सरकारी खर्चे पर VVIP सुरक्षा दी जाएगी।