मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज शुक्रवार को बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत कुल 97.84 लाख लोगों के खाते में 11—11 सौ रुपए डिबिटी के माध्यम से भेजे। ये सभी लोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थी हैं, जिनमें बुजुर्ग और दिव्यांग जनों के अलावा विधवा महिलाएं भी शामिल हैं। राशि भेजते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि सरकार अब यह सुनिश्चित कर रही है कि हर महीने की 10 तारीख को यह पेंशन राशि लाभुकों के खाते में अनिवार्य रूप से भेज दी जाए। इन लाभार्थियों को अलग-अलग योजनाओं के तहत आर्थिक मदद के तौर पर मासिक पेंशन दिए जाते हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने X अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इस फैसले को राज्य के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही यह भी बताया कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर आर्थिक मदद पहुंचाने के लिए यह निर्णय लिया है कि अब हर महीने की 10 तारीख को पेंशन राशि का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस दौरान सभी लाभुकों को शुभकामना देते हुए कहा कि इन योजनाओं के तहत पहले 400 रुपये दिए जाते थे। अब अब राशि को बढ़ाकर 1,100 रुपये किया गया है। समय से 10 तारीख तक राशि मिल जाए, यह सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत जो छूट गए हैं, उन्हें भी जोड़ा जा रहा है। जिन्हें सहायता की जरूरत है उन्हें तुरंत राशि मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए महीने में दो सहयोग कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
CM सम्राट ने आगे कहा कि पंचायत में जो बैठक होती है उसमें भी यह मालूम करना है कि कौन छूट गए हैं, उनको जोड़कर राशि मुहैया कराई जानी है। बुजुर्ग जन, विधवा बहनें और दिव्यांग जन सबको समय से राशि मिले, यही हमारा उद्देश्य है। आज शुक्रवार को राशि ट्रांसफर के लिए एक कार्यक्रम पटना स्थित लोक सेवक आवास के संकल्प हॉल में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री बिजेंद्र यादव, मंत्री श्वेता गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में हर साल 10 जुलाई को पेंशन दिवस के रूप में मनाया जाता है। सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का सपना पूरा करना चाहते हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्ध बिहार के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को और मजबूत बनाया जा रहा है।