केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विधानसभा चुनाव लड़ने का संकेत दिया हैं। हाजीपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर पार्टी कहेगी तो वे निश्चित ही बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। चिराग ने कहा कि इस बात का फैसला उन्होंने पूरी तरह से अपनी पार्टी के ऊपर छोड़ दिया है। लोजपा रामविलास के नेता चिराग पासवान ने यह बयान हाजीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए दिया। हाजीपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा का पार्टी का फैसला होगा तो अवश्य लड़ेंगे। जब उनसे कहा गया कि—आप ही तो पार्टी हैं। आप अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। ऐसे में पार्टी के कहने का क्या मतलब है? इसपर चिराग पासवान ने कहा कि इस वक्त इस मुद्दे पर पार्टी मंथन कर रही है। मंथन—सर्वे के बाद इसपर निर्णय लिया जाएगा।
चिराग पासवान ने कहा कि सर्वे हो रहा है कि क्या मेरे चुनाव लड़ने से मेरी पार्टी और मेरे प्रत्याशियों को ज्यादा लाभ होगा। हमारा लक्ष्य लोकसभा की तरह इस बार भी स्ट्राइक रेट बेहतर रखना है। कई बार देखा गया है कि जब पार्टी के बड़े नेता चुनाव लड़ते हैं तो उससे पार्टी के स्ट्राइक रेट को बेहतर करने में मदद मिलती है और गठबंधन का प्रदर्शन बेहतर होता है। अगर पार्टी चाहेगी तो मैं जरूर चुनाव में आऊंगा। इसबीच खबर है कि चिराग की पार्टी लोजपा रामविलास की ओर से उन्हें एक प्रस्ताव भेजा गया जिसमें कहा गया है कि वो विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। चिराग पासवान ने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर गठबंधन में बात चल रही है। और जिस तरह लोकसभा चुनाव में एनडीए में सबकुछ तय हुआ था, उसी समय पर इस बार भी सबकुछ तय हो जाएगा।
इधर चिराग पासवान की पार्टी के सांसद अरुण भारती ने कहा कि बिहार में युवा नेताओं की जरूरत है। पार्टी चाहती है कि चिराग पासवान बिहार की राजनीति में सक्रिय हों। इसके लिए उन्हें पार्टी की तरफ से विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है। अगर वह चुनाव लड़ने का प्रस्ताव स्वीकार करते हैं, तो आने वाले समय में यह तय किया जाएगा कि वह किस सीट से उम्मीदवार होंगे। चिराग पासवान क्या बिहार के अगले मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं, इस सवाल के जवाब में अरुण भारती ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा जाएगा। लेकिन, चिराग पासवान को बिहार के विकास के लिए बड़ी भूमिका में आना होगा।