बांकीपुर सीट अब नितिन नवीन के साथ ही बिहार BJP के लिए भी प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है। ऐसे में BJP ने हार हाल में इसे जीतने के लिए जनसुराज के नेताओं को अपने पाले में कर सेधमारी की रणनीति अपनाई है, तो वहीं दूसरी ओर प्रशांत किशोर के खिलाफ पोस्टर और अन्य माध्यमों से हमले कर जनता में प्रभावी पकड़ की मुहिम शुरू की है। इसीबीच खबर है कि आज गुरुवार को भी भाजपा ने जनसुराज के घर में बड़ी सेंधमारी कर डाली है। सुत्रों के अनुसार प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज की नेत्री और उनकी करीबी फिल्म निर्माता चेतना झांब तथा पार्टी की फतुहा प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री आज भाजपा का दामन थामने वाली हैं। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि यदि दोनों नेत्रियां बीजेपी में शामिल होती हैं, तो इसे जनसुराज के लिए एक बड़ा झटका माना जाएगा।
दरअसल, बांकीपुर में भाजपा की तरफ से चुनाव भले ही नीरज कुमार सिन्हा लड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी के भीतर यह माना जा रहा है कि इस सीट पर जीत और हार दोनों की राजनीतिक जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से ही जुड़ी है। ऐसे में पार्टी ने इस चुनाव में कामयाब होने के लिए हर उस राजनीतिक समीकरण पर काम शुरू कर दिया हैं, जिससे उनके उम्मीदवार को बढ़त मिल सके। इसी के तहत अब भाजपा ने जनसुराज में अगस्त 2025 को शामिल हुई फिल्म निर्माता और बिजनेस वूमेन चेतना झांब को अपने पाले में करने का कदम उठाया है।
चेतना झांब के बारे में कहा जाता है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें जनसुराज से टिकट नहीं मिला था। तब उन्होंने समस्तीपुर विधानसभा सीट के निर्दलीय चुनाव लड़ा था। अब भाजपा उन्हें अपने पाले में करने में सफल रही है और बताया जाता है कि आज भाजपा प्रदेश संजय सरावगी उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। पार्टी सूत्रों का दावा है कि इन दोनों नेताओं के बीजेपी में आने से प्रशांत किशोर के चुनावी अभियान पर असर पड़ सकता है। बीजेपी के रणनीतिकारों का कहना है कि पार्टी अब जनसुराज के प्रभावशाली और प्रशांत किशोर के करीबी नेताओं को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। उनका मानना है कि यदि यह अभियान सफल रहता है, तो चुनाव से पहले जन सुराज की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो सकती है।
विदित हो कि इससे पहले कल बुधवार को 2025 के विधानसभा चुनाव में जनसुराज के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रहे केसी सिन्हा, दीघा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रितेश रंजन सिंह उर्फ बिट्टू सिंह और मनेर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी संदीप कुमार सिंह उर्फ गोपाल सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया था। अब आज चेतना झांब और श्रुति श्री को अपने साथ लाकर भाजपा ने पहले राउंड में बांका सीट पर प्रशांत किशोर के उपर थोड़ी बढ़त तो बना ही ली है।